दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट उपमंडल के जोह बह क्षेत्र के डंगोह खुर्द में कारोबारी के कारिंदे को गोली मारकर घायल करने के चर्चित मामले की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने नामजद आरोपी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको, प्रदीप कुमार और जिमी को अंब न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को 15 जुलाई तक चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा होगा।गोली लगने से घायल धर्मेंद्र सिंह निवासी फतेहपुर का उपचार डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस घायल के बयान दर्ज कर जांच को आगे बढ़ा रही है।शिकायतकर्ता पवन कुमार के अनुसार, वह अपने साथियों के साथ जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी गाड़ी रोककर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि बहस के दौरान मोहिंदर सिंह उर्फ कोको ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया, जिससे धर्मेंद्र सिंह की जांघ में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 126(2) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3/5 के तहत मामला दर्ज किया है। जिला पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि रविवार को राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) की टीम ने भी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।