हमीरपुर। जिला में टीबी मरीजों की संख्या लक्ष्य के मुकाबले बढ़ रही है। पिछले दो सालों से यह स्थिति बनी हुई है। जिला में स्वास्थ्य विभाग को पिछले दो सालों में हर साल 820 टीबी मरीजों का लक्ष्य दिया गया है लेकिन हर साल यह संख्या 900 के पार जा रहा है। 2023 में 820 के मुकाबले 923 टीबी मरीज संक्रमित मिले हैं। वहीं 2024 में 820 के लक्ष्य पर 920 टीबी मरीज संक्रमित मिले हैं। वहीं इस साल भी 2025 में भी 820 का लक्ष्य दिया गया है। तीन महीनों में मरीजों की संख्या 230 तक पहुंच गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि लगातार जांच बढ़ाई जा रही है ताकि टीबी को जड़ से समाप्त किया जा सके, जिस कारण मरीजों की संख्या बढ़ रही है। टीबी बीमारी छह माह से एक साल के भीतर खत्म हो जाती है।
वहीं हाल ही में जिला में 100 दिन का अभियान भी समाप्त हुआ था। इस दौरान भी जिला में करीब 17 टीबी संक्रमित मरीज मिले थे। उधर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने कहा टीबी मुक्त भारत के तहत लगातार जांच बढ़ाई जा रही है। अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग, एक्स-रे, बलगम जांच की जा रही है। इस साल भी तीन महीनों में अब तक लगभग 230 टीबी संक्रमित मिले हैं। इन मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है।