हमीरपुर। केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर की विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) की बैठक शुक्रवार को उपायुक्त अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में विद्यालय से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा के साथ-साथ पीएमश्री योजना के अंतर्गत विद्यालय को प्राप्त होने वाली 28.45 लाख रुपये की धनराशि को विभिन्न निर्माण कार्यों एवं आवश्यक सामग्री की खरीद पर खर्च करने के लिए मंजूरी प्रदान की गई। इसके अलावा विद्यालय परिसर में विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रस्तावों को केंद्रीय विद्यालय समिति को प्रेषित करने का निर्णय भी लिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि पीएमश्री की राशि का सदुपयोग होना चाहिए तथा सभी निर्माण कार्य एवं आवश्यक सामग्री की खरीद निर्धारित नियमों के तहत ही होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यालय परिसर में सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने विद्यालय परिसर में ट्रांसफार्मर एवं बिजली लाइन को शिफ्ट करने और सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए बिजली बोर्ड तथा हिम ऊर्जा के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर से गुजरने वाली एचआरटीसी बस का समय विद्यार्थियों की सुविधा के अनुरूप तय किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग किशोरी छात्राओं को सेनेटरी पैड की सुविधा प्रदान करेगा और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करेगा।
उन्होंने कहा कि बालवाटिका-1, बालवाटिका-2, जूनियर साइंस लैब, अतिरिक्त क्लास रूम, गार्ड रूम, एनसीसी रूम, फुटपाथ, ऑडिटोरियम और स्टेडियम इत्यादि के निर्माण के लिए सीपीडब्ल्यूडी की मदद से एक व्यापक प्लान और इनके निर्माण कार्य चरणबद्ध ढंग से करवाए जाने चाहिए। बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों अरविंद कुमार, संजीव कुमार, नीनू बाला, राजेश पराशर, अरुण सिंह, नरेंद्र कुमार, कृष्णा, डेकिट जामगो, प्रभिता खट्टा और डीके दरोच को सम्मानित भी किया। बैठक में एसडीएम संजीत सिंह, सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. एमआर चौहान, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती व वीएमसी के सदस्यों ने भाग लिया।