हमीरपुर। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं के साथ जोड़ने व उन्हें मंच प्रदान करने के लिए विभागीय अधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं।
अब मिनी सचिवालय परिसर में स्वदेशी उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाएं पारंपरिक व अन्य घरेलू उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी। प्रशासन की ओर से महिलाओं को सामान बेचने के लिए स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें अपने उत्पादों को बेचने के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।
इन स्टॉलों पर महिलाएं हस्तशिल्प, हस्तनिर्मित वस्तुएं, पारंपरिक परिधान, सजावटी सामान सहित अन्य स्वदेशी उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी। इससे पूर्व जिला प्रशासन की ओर से ट्रायल के तौर पर केवल सचिवालय परिसर में दो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्टॉल दिए गए थे, लेकिन अब झांसी की रानी पार्क से स्टॉल हटाने के बाद महिलाओं को मिनी सचिवालय परिसर में शिफ्ट करने की योजना तैयार की जा रही है।
महिलाओं को स्टॉल लगाने के लिए स्थान मिलने से न केवल स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि महिलाओं की आय में वृद्धि होगी। महिलाएं प्रतिदिन स्टॉलों के माध्यम से उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी। वर्तमान में एनआरएलएम (राष्ट्रीय आजीविका मिशन) मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न माध्यमों से कार्य किया जा रहा है, ताकि महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में सहायता मिल सके।
कोट
झांसी की रानी पार्क से हटाए गए स्टॉलों को मिनी सचिवालय परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। जिला प्रशासन से स्टॉल लगाने की अनुमति मांगी गई है। मंजूरी मिलते ही स्टॉलों को लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
-अस्मिता ठाकुर, जिला विकास अधिकारी