बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को घरों में तैयार किए जा रहे स्वदेशी उत्पादों की बिक्री के लिए जल्द उचित स्थान मिलने की उम्मीद है।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय बिझड़ी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने के लिए स्थान उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव मंजूरी के लिए एसडीएम बड़सर को भेज दिया गया है।
प्रशासन की मंजूरी के बाद योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार कर रही महिलाओं को बाजार उपलब्ध करवाना है।
महिलाएं अचार, पापड़, मसाले, दालें, शहद, जैविक उत्पाद, हस्तशिल्प, सिलाई-कढ़ाई से तैयार सामान सहित विभिन्न घरेलू उत्पाद तैयार कर रही हैं। उत्पाद तैयार करने के बाद इनके लिए बाजार तलाशना सबसे बड़ी चुनौती रहती है।
स्थायी बिक्री स्थल उपलब्ध नहीं होने के कारण महिलाओं को मेलों, प्रदर्शनियों और अन्य अस्थायी बाजारों पर निर्भर रहना पड़ता है। मिनी सचिवालय परिसर में स्थान उपलब्ध होने से उन्हें नियमित बिक्री का माध्यम मिल सकेगा।
कोट
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों की बिक्री के लिए उचित स्थान उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रस्ताव एसडीएम बड़सर को मंजूरी के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-राजेश शर्मा, खंड विकास अधिकारी, बिझड़ी