गांधी चौक हमीरपुर पर प्रदर्शन करते सीटू कार्यकर्ता।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। किसान आंदोलन के चलते भारत बंद का असर जिले में नहीं दिखा। महज सीटू के बैनर तले किसानों व मजदूर संगठनों ने गांधी चौक हमीरपुर पर धरना प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, जिले में सब्जियों, दूध, दही व अन्य दुग्ध पदार्थों की सप्लाई सुचारु रही। जिले के बाजार भी खुले रहे।
सीटू के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कश्मीर ठाकुर ने कहा कि किसानों के समर्थन, मजदूरों से जुड़े कानूनों को बदलने और बिजली बोर्ड को निजी कंपनियों के हवाले करने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। 26 नवंबर से देश के किसान पूरे देश में नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। इस लड़ाई में 250 से ज्यादा किसानों की जान जा चुकी है, परंतु मोदी सरकार कॉरपोरेट कंपनियों की इस कदर गुलाम है कि उसे देश के किसानों, मजदूरों व जनता की कोई परवाह नहीं है। पूंजीपतियों के मुनाफे बढ़ाने के लिए देश की जनता को लूटने में लगी है।
उसी के लिए कृषि से जुड़े व मजदूरों से जुड़े कानूनों को बदला गया है। जिसका देश का मजदूर-किसान कड़ा विरोध कर रहा है। मोदी सरकार ने महामारी को अवसर बना कर लोगों की जेब से पैसा निकाला और कॉरपोरेट मित्रों के खजानों में बेशुमार वृृद्धि करने के लिए इस्तेमाल किया है।
देश की जनता की मेहनत की कमाई से खड़ा किया गया सरकारी क्षेत्र जो देश की आय का प्रमुख स्रोत भी है, उसे निजी क्षेत्र के हवाले किया जा रहा है।
इस प्रदर्शन को सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर ठाकुर, जिला सचिव जोगिंदर कुमार, सुरेश राठौर, रंजन शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। उधर, एपीएमसी सचिव शगुन सूद ने कहा कि सब्जियों की सप्लाई रोजाना की तरह ही सुचारु हुई। वेरका दूध एजेंसी हमीरपुर के संचालक सुशील कुमार ने कहा कि दुग्ध पदार्थों की सप्लाई रात को ही चल पड़ी थी जो सुबह होते ही पहुंच गई।