सुजानपुर में अतिक्रमण की समस्या को लेकर एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपते दुकानदार।
- फोटो : Hamirpur-HP
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद प्रशासन को अतिक्रमण की समस्या से अवगत करवाने के बावजूद बरती जा रही लापरवाही को लेकर दुकानदार लामबंद हो गए हैं। स्थानीय दुकानदार मंगलवार को नगर परिषद के खिलाफ शिकायत लेकर उपमंडलाधिकारी से मिले और लिखित शिकायत पत्र सौंपा। मुख्य बाजार में अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी लग रही हैं। हालांकि, उन लोगों को बाकायदा स्थान चिह्नित किया गया है। इसके बावजूद अवैध रूप से सड़कों पर सामान सजाया जा रहा है। जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है तथा दुकानदारों को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है। दुकानदारों ने इस बारे पूर्व मेें भी कई बार नगर परिषद को शिकायत पत्र दिया था।
उपमंडल अधिकारी नागरिक कार्यालय को भी शिकायत पत्र सौंपा था। इसके बावजूद नगर परिषद पर कोई असर नहीं हो रहा। दुकानदारों तिलक, रविंद्र संजय, मनजीत, सोनम, धीरज, स्वरूप आदि ने कहा कि कई बार कार्यालय के चक्कर काटे लेकिन, नगर परिषद प्रशासन टालमटोल ही करता रहा। उधर, उपमंडल अधिकारी नागरिक शिल्पी बेक्टा ने कहा कि दुकानदारों का शिकायत पत्र मिला है। नगर परिषद अधिकारी को आदेश दिए जाएंगे कि वह खुद निरीक्षण करें। वहीं, मंगलवार को ही सड़कों पर अवैध रूप से सामान सजाने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों से 150-150 रुपये जुर्माना वसूला गया। नप के कर्मचारियों के पास जब्त किए गए सामान को रखने के लिए न कोई गाड़ी थी और न ही कोई अधिकारी मौके पर मौजूद पाया गया। महज औपचारिकता निभाई जा रही है। उधर, कनिष्ठ अभियंता सूर्य कटवाल ने कहा कि एक दर्जन के करीब चालान काटे गए हैं।