दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पैरवी के शिक्षकों ने आर्थिक तंगी से जूझ रही छात्रा रितिका की पढ़ाई का जिम्मा उठाकर सराहनीय पहल की है। पिता के निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था, ऐसे में शिक्षकों के सहयोग से उसकी पढ़ाई जारी रहेगी।
कला संकाय में जमा एक की छात्रा रितिका के पिता रंजीत सिंह निवासी बोहनी की कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। स्कूल प्रबंधन ने प्रधानाचार्य कमल देव की अगुवाई में परिवार को आर्थिक सहायता भी दी।
प्रधानाचार्य कमल देव ने बताया कि रितिका के स्कूल में पढ़ने तक उसकी शिक्षा का खर्च शिक्षक मिलकर उठाएंगे। किताबें, वर्दी और स्टेशनरी सहित पढ़ाई पर सालाना करीब पांच से दस हजार रुपये खर्च होता है। उन्होंने कहा कि छात्रा की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी और परिवार को आगे भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।