पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आतंकवाद रूपी कैंसर से निपटने के लिए सर्जिकल ऑपरेशन जरूरी है। धूमल ने भारतीय सेना का समर्थन करते हुए सर्जिकल ऑपरेशन के लिए भारतीय सेना को बधाई दी।
इस दौरान सर्जिकल ऑपरेशन का सबूत मांगने वाले नेता अरविंद केजरीवाल और संजय निरुपम के पुतले भी जलाए। धूमल ने भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाने वाले इन नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि हम सब देश के भीतर आजाद रहते हुए अपने काम करते हैं।
क्योंकि देश की सीमाओं पर भारतीय सेना के जवान खड़े हैं। उनके सम्मान के लिए भाजपा पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कोई राजनीतिक भावना से नहीं, बल्कि भारतीय सेना को यह संदेश पहुंचाने के लिए किए जा रहे हैं कि हमारा मकसद आतंकवाद को मिटाना है।
इसके लिए पूरा देश भारतीय सेना के साथ खड़ा है। पाक अधिकृत कश्मीर पर सेना की कार्रवाई के सबूत मांग कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने भारतीय सेना के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। ऐसे देश के जयचंदों का सब मिल कर करें बहिष्कार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सार्क के सात में से छह देशों ने भारत की इस सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया है। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, कमलेश कु मारी, नरेंद्र अत्री, प्यारे लाल शर्मा, विजयपाल सोहारु सहित जिला कार्यकारिणी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चे, प्रकोष्ठ पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।