हमीरपुर। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक शुक्रवार को जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार की अध्यक्षता में हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस एक पद के लिए अपना एक ही उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए खंड अध्यक्षों को स्थानीय बूथ कमेटियां बनाकर योग्य उम्मीदवार का चुनाव करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आगामी विस चुनाव के लिए भी कार्यकर्ताओं को तैयारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस के जिलास्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय फ्रंटल संगठनों और विभागों की कार्यकारिणी का गठन भी शीघ्र करने के निर्देश दिए। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम सरकार जनता के हितों की रक्षा करने में विफल रही हैं।
किसानों का ऋण सौ दिन के भीतर माफ करने का झांसा देकर सत्ता में आई मोदी सरकार ने छह साल बीतने पर किसानों के ऋण माफ करने की बजाय कृषि बिल के रूप में उनके साथ विश्वासघात किया है। केंद्र और प्रदेश सरकार आर्थिक कंगाली पर पहुंच गई है। कोरोना वायरस के नियंत्रण में भी सरकार विफल रही है। देश और प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। रोहतांग टनल के लोकार्पण के समय सोनिया गांधी के नाम की शिलान्यास पट्टिका को हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मोदी सरकार संवेदनहीन है। खुद को हिमाचल का चहेता बताने वाले प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान यहां के लोगों के लिए कोई सौगात देकर नहीं गए। प्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी राजीव शुक्ला और अध्यक्ष कुलदीप राठौर के आने से कार्यकर्ताओं में नए रक्त का संचार हुआ है।