सलौणी (हमीरपुर)। सदर थाना के तहत ऊना-हमीरपुर एनएच पर बुधवार को करेर में एक कार अनियंत्रित होकर ढांक से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई है।
यह हादसा दोपहर करीब 4.30 बजे करेर के पास हुआ है। इस दौरान तीखे मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ढांक से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक दिल्ली से हिमाचल में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उपचार के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कार चालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सिद्धांत (उम्र 29 वर्ष) पुत्र भारत सिंह पाटल, निवासी ई-ब्लॉक, ऑक्सी होम-2, लॉनी रोड, रॉयल एन्क्लेव, भोपुरा चौक, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
वहीं, कार में सवार अन्य युवक भी यूपी का ही रहने वाला है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी भोटा की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। वहीं, प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि कार चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया था, जिस वजह से कार ढांक से टकरा गई।
पुलिस चौकी भोटा की इंचार्ज एएसआई निर्मला ने टीम सहित दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने सिद्धांत के परिजनों को सूचित कर दिया है। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम हमीरपुर अस्पताल में करवाया जा रहा है। वहीं, परिजनों को सूचित कर दिया है।