बिझड़ी (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत कनोह गांव में शातिरों ने एक घर से लाखों के गहनों और 47,000 की नकदी पर हाथ साफ कर लिया है। चोरी का पता चलते ही पीड़ित परिवार ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
कनोह गांव में बुधवार दोपहर को चोरों ने एक घर में घुसकर तीन सोने की अंगूठियां, सोने की चेन, एक मांग टिक्का तथा 47,000 की नकदी पर हाथ साफ किया है। जिस समय चोरी हुई उस समय घर के मालिक सेवानिवृत्त शिक्षक तिलक राज परिवार के सदस्यों सहित बाहर गए थे। जबकि उनका बेटा घर पर ही मौजूद था। बेटा अन्य कमरे में था और घर के शेष दरवाजे खुले होने का फायदा उठाकर चोरों ने हाथ साफ कर लिए।
शाम को जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो गहने और नकदी गायब पाई। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दी। उप पुलिस अधीक्षक बड़सर शेर सिंह ठाकुर का कहना है कि बुधवार दिन के समय चोरों ने घर के दरवाजे खुले होने का फायदा उठाकर हाथ साफ किए हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।