हमीरपुर। जिला मुख्यालय में दुकानदार हरी सब्जियों के दाम मनमर्जी से वसूल रहे हैं। कई दुकानदार सब्जी के दाम विभाग की ओर से तय किए गए मुनाफे से अधिक वसूल रहे हैं।
विभाग की ओर से प्रतिदिन सब्जियों के दाम तय किए जाते हैं, जिसमें जल्दी खराब होने वाली सब्जियों पर 24 प्रतिशत लाभ तय किया गया है, लेकिन कई दुकानदार हरी सब्जियों पर 50 फीसदी से अधिक दाम वसूल कर रहे हैं। अगर कोई जागरूक उपभोक्ता दाम के बारे में बात करता है तो यह दुकानदार दाम कम कर देते हैं।
हमीरपुर बाजार में एक ही सब्जी के दामों में भारी अंतर है। शहर में जहां कई स्थानों पर टमाटर तीस रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं तो कई स्थानों पर टमाटर 40 रुपये प्रति किलो दाम वसूल किए जा रहे हैं। वहीं, गोभी 70 से 80 रुपये प्रति किलो बिक रही है। कद्दू के दामों में भी भारी अंतर है।
शिमला मिर्च, मटर, फ्रासबीन, अदरक जैसी सब्जियों के दामों में भी अंतर है। इससे लोगों की जेब पर भारी असर पड़ रहा है। हालांकि विभाग की ओर से थोक भाव की लिस्ट तो जारी कर दी है जाती है, लेकिन परचून भाव की लिस्ट तय नहीं की जाती है। इससे यह लोग अपनी मर्जी से दाम वसूल करते हैं।
बुधवार को खरीदारी करने पहुंची निर्मला देवी, सुनीता कुमारी, बिमला ठाकुर, सोनिका आदि ने कहा कि मुख्य बाजार हमीरपुर में सब्जियों के दामों में भारी अंतर है। उन्होंने कहा कि यह लोग सुबह के समय मर्जी के दाम वसूल करते हैं, लेकिन इन पर नुकेल कसने के लिए अधिकारियों की ओर से कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि विभाग को धरातल पर इनकी जांच करनी चाहिए कि कहीं तय मूल्य से अधिक दाम तो नहीं वसूले जा रहे हैं।
कोट
विभाग ने मूल्य तय किया है। इसमें दुकानदार अधिकतम 24 फीसदी लाभ ही ले सकते हैं। अगर ऐसा कोई मामला है तो इसकी जांच की जाएगी तथा निर्देश दिए जाएंगे कि दुकानदार तय मूल्य से अधिक दाम न वसूल करें।
-शिवराम राही, जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, हमीरपुर
बाक्स :
सब्जी का नाम
थोक भाव
बाजार भाव
गोभी 65/70 70/80
शिमला मिर्च 100/120 160
भिंडी 35/40 50/60
फ्रासबीन 90/100 160
कद्दू 25/30 50/60
अरबी 30/35 50/60
अदरक 90/100 150/160