बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में 12 दिनों में 42 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया है। प्रदेश के मंदिरों को एक जुलाई से खोला गया है। धीरे-धीरे अब मंदिरों में श्रद्धालु आने लगे हैं। इसी के चलते बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में भी शुरुआती दिनों में तो थोड़े कम ही श्रद्धालु आए, लेकिन अब श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ना शुरू हो गई है।
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार के दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
पिछले 12 दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या 42000 हो चुकी है। जबकि, बीते रविवार को ही दस हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार माथा टेका है।
बरसात के दिनों में भी पड़ोसी राज्यों से अधिकतर श्रद्धालु बाइक के माध्यम से ही बाबा की नगरी माथा टेकने पहुंचते हैं। मंदिर अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पिछले 12 दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या 42 हजार के लगभग रही है। रविवार के दिन ही ज्यादा श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं, इसके लिए भी पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।