रंघाड़ गांव में अग्रिकांड प्रभावित प्रवासियों को सहायता राशि देते एसडीएम नादौन डॉ. राकेश शर्मा।
एसडीएम नादौन ने लिया मौके का जायजा, प्रभावितों को प्रशासन की ओर से राहत राशि सौंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर )। नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत भूंपल के रंघाड़ गांव में रविवार को भीषण अग्निकांड से बेघर हुए परिवारों को सोमवार को एसडीएम नादौन राकेश शर्मा ने प्रशासन की ओर से 2500 रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। इसके अलावा अगले दो दिन तक प्रवासियों के रहने, खाने-पीने और सोने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के भी मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए।
एसडीएम नादौन के साथ मौके पर पहुंचे तहसीलदार नादौन रोहित कंवर ने कहा कि रविवार के दिन रंघाड़ क्षेत्र में अस्थायी तौर पर रहने वाले प्रवासियों की झुगियों में अचानक आग लग गई थी और 23 झोपडिय़ां जलकर राख हो गई थीं। साथ ही उनमें रखा हुआ सारा सामान भी जल गया था। इसे लेकर जैसे ही प्रशासन को सूचना मिली, तब प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से बचाव एवं पुनर्वास कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि सोमवार को हर पीड़ित प्रवासी परिवारों को फौरी राहत भी दी गई है। पीड़ित परिवारों के रहने, खाने-पीने और सोने की व्यवस्था भी फिलहाल सुचारु रखने के आदेश दिए हैं, ताकि ठंड के मौसम में किसी भी पीड़ित परिवार को कोई समस्या न आए। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन प्रशासन आग लगने के मुख्य कारण को जानने का भी प्रयास कर रहा है। वहीं एसडीएम नादौन राकेश शर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवारों को फौरी राहत दी गई है। लोगों के सहयोग से पीड़ितों की हरसंभव मदद की जा रही है।