गारली (हमीरपुर)। अमृतसर से बिलासपुर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में दवाइयों से भरा बैग मिला है। बैग में बिना बिल के दवाइयां पाए जाने पर उसे एक्साइज विभाग बड़सर ने कब्जे में ले लिया है। बस में लावारिस बैग की सूचना मिलते ही एक्साइज विभाग की टीम ने बड़सर में बैग को अपने कब्जे में ले लिया।
इतने में मेडिकल स्टोर का संचालक बैग मालिक भी वहां पहुंच गया। उससे बिल के बारे में पूछने पर बताया कि मैंने लुधियाना से दवाइयां मंगवाई थीं, लेकिन गलती से उन्होंने बिना बिल के ही भेज दी गई हैं। एक्साइज विभाग के अधिकारियों ने दवाइयों से संबंधित मामला होने पर ड्रग इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया है। ड्रग इंस्पेक्टर की जांच में पता चलेगा कि दवाइयां प्रतिबंधित हैं या नहीं। इस संदर्भ में ईटीओ चेत राम का कहना है कि बिना बिल के दवाइयों से भरा बैग जब्त किया गया है। ड्रग इंस्पेक्टर की जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।