उपमंडल के तहत शुक्र खड्ड में अवैध खनन जारों से चल रहा है। सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए ट्रैक्टर मालिक खूब चांदी कूट रहे हैं। क्षेत्र में रात-दिन खनन जारी है। शुक्र खड्ड में झोरघाट मंदिर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर सठवीं में जगह-जगह ट्रैक्टर चालकों ने पत्थरों के ढेर लगा रखे हैं।
ग्राम सुधार सभा दख्योड़ा के प्रधान और स्थानीय निवासी राजेश कुमार, केशव, प्रीतम चंद, सुरेश कुमार, आनंद, नीलम, राकेश, प्रमोद, सुरेश का कहना है कि खनन से पेयजल योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
पेयजल योजनाओं का जल स्तर काफी गिर चुका है। अवैध खनन से खेतों की उपजाऊ मिट्टी का कटाव हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खड्डों के किनारे बजरी, पत्थर के डंप लगे हैं।
इन्हें मनमाने दामों पर बेचा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर शिकंजा कसने का आग्रह किया है।
एसडीएम बड़सर अक्षय सूद का कहना है कि ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। अगर शिकायत आती है तो खनन अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।