प्रदेश डिपो संचालक समिति ने की उपभोक्ताओं से जल्द ईकेवाईसी करवाने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से उपभोक्ताओं की ओर ईकेवाईसी न करवाने के चलते प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं के राशन कार्ड ब्लॉक किए जाने पर प्रदेश डिपो संचालक समिति ने प्रतिक्रिया दी है।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि राशन कार्ड ब्लॉक होने की वजह से डिपोधारक उपभोक्ताओं को राशन नहीं दे पा रहे हैं। प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वह शीघ्र अपने राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ईकेवाईसी करवाना सुनिश्चित करें अन्यथा उन्हें अगले माह भी सस्ते राशन से वंचित रहना पड़ेगा।
उपभोक्ता इस माह के आखिरी सप्ताह से पहले अगर ईकेवाईसी करवाकर विभाग से अपना राशन कार्ड अनब्लॉक नहीं करवाएंगे, तो डिपो धारक उनके अगले माह के राशन की मांग विभाग से नहीं करेंगे। डिपोधारक पीओएस मशीन में एक्टिव कार्डों से अधिक राशन की मांग विभाग से नहीं कर सकते हैं। ईकेवाईसी प्रमाणीकरण का कार्य पिछले लगभग तीन वर्षों से चल रहा है, लेकिन उपभोक्ताओं ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अंततः विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं के राशन कार्डों को ब्लॉक करने का फैसला लिया है।
पहले केवल डिपुओं के माध्यम से ही ईकेवाईसी प्रमाणीकरण का कार्य किया जा रहा था, लेकिन अब उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभाग ने एक एप भी ज़ारी की है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे भी अपने मोबाइल से ईकेवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा लोक मित्र केंद्रों और खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में भी ईकेवाईसी प्रमाणीकरण की सुविधा अब विभाग ने उपभोक्ताओं के लिए शुरू कर दी है।