अनिल डोगरा मैहरे (हमीरपुर)। पिछले कल भी लाइन में लगे थे, मगर सिलिंडर न मिलने से खाली हाथ लौटना पड़ा था। आज भी सिलिंडर की संख्या देखकर लग रहा है कि खाली ही लौटना पड़ेगा। भुटलाड़ गांव की पूनम बगल में खड़ी महिला से यह कह रही है। बड़सर में समय पर गैस सिलिंडर की सप्लाई न आने से सिलिंडर लेने के लिए गैस एजेंसी बड़सर पहुंचे हर व्यक्ति के चेहरे पर यही चिंता नजर आ रही है कि आज भी पता नहीं उन्हें सिलिंडर मिलेगा या नहीं।
स्थान : गैस एजेंसी बड़सर। समय : सुबह नौ बजे। गैस एजेंसी के बाहर खाली सिलिंडर लेकर आ रहे लोगों की लाइन लग चुकी है। 100 से अधिक लोग लाइन में खड़े हैं। लोगों का आना निरंतर जारी है।
पूर्वाह्न 11 बजे। गैस एजेंसी संचालक गैस सिलिंडर की आपूर्ति कर रहे हैं। करीब 300 लोग गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंच चुके हैं। एक गाड़ी गैस सिलिंडर लेकर आई है, जिसमें करीब 100 सिलिंडर हैं। ऐसे में कई लोग बिना सिलिंडर ही लौटने को मजबूर होंगे।
लंबी लंबी कतारें खुद बयान कर रही हैं कि लोगों को गैस सिलिंडर न मिलने से कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले लगभग तीन महीनों से गांवों में गैस सिलिंडर की नियमित सप्लाई नहीं पहुंच रही है, जिसके चलते उन्हें मजबूरन मैहरे स्थित गैस एजेंसी पहुंचना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि कई लोग लगातार दो से तीन दिन तक एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन फिर भी गैस नहीं मिल पा रही है। गैस संकट के चलते महिलाओं, बुजुर्गों और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि सुबह से शाम तक एजेंसी के बाहर इंतजार करने के बावजूद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। दूरदराज गांवों से आने वाले लोगों का समय और किराया दोनों बर्बाद हो रहे हैं। संवाद
पूनम देवी (भुटलाड़ )
पूनम देवी (भुटलाड़ )
पूनम देवी (भुटलाड़ )