सुजानपुर के विधायक बोले- सुजानपुर शहर को सुंदर बनाना ही मेरा लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने कहा कि मैंने कांग्रेस पार्टी की ओर से विधायक पद का चुनाव जीता है। कांग्रेस का वफादार सिपाही हूं और लोगों को सुविधाएं देना हमारा फर्ज है।
विधायक ने कहा कि वह सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति उनके पास किसी समस्या या कार्य को लेकर आएगा, उसकी समस्या का हल प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। वह शनिवार को यहां पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की जो भी मांग रखी है, मुख्यमंत्री ने उनकी हर मांग को स्वीकृति प्रदान की है। सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती, डायलिसिस सेंटर, सड़क निर्माण और अन्य मांगों को तुरंत पूरा किया गया है।
पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राणा का नाम लिए बिना तंज कसते हुए कहा कि पूर्व विधायक ने हमेशा झूठ की राजनीति की है। वह उन पर लोगों को बेरोजगार करने का आरोप लगा रहे हैं। खुद उन्होंने कइयों का रोजगार छीना है। आउटसोर्सर पर आईपीएच में रखे कई बेरोजगार आज घर पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सुजानपुर शहर को साफ-सुथरा सुंदर तथा विकास की दृष्टि से आगे लाना ही उनका लक्ष्य है।
विधानसभा क्षेत्र में 15 वर्ष से जो सड़कों का कार्य नहीं हो पाया है। अब सड़कों का कार्य प्रग्रति पर है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, गुलशन कुमार, संजीव ठाकुर, विनय शर्मा, देशराज, मनोज शर्मा, अमर सिंह आदि मौजूद रहे।