एचआरटीसी कार्यशाला के समीप खराब पड़े वाहन। संवाद
हमीरपुर। लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई हिमाचल पथ परिवहन निगम की ‘राइड विद प्राइड’ सेवा इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। मरम्मत और रखरखाव के अभाव में सेवा के तहत चलने वाले चार वाहनों में से तीन लंबे समय से खराब पड़े हैं।
ये वाहन एचआरटीसी डिपो की कार्यशाला में खड़े हैं, जबकि केवल एक ही गाड़ी वर्तमान में संचालन में है। यह सेवा मेडिकल कॉलेज हमीरपुर सहित छोटे रूटों पर यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई थी।
शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा, लेकिन अधिकांश गाड़ियों के खराब होने से यात्रियों को अब परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में केवल एक वाहन मेडिकल कॉलेज सहित कुछ चुनिंदा स्थानों के लिए चलाया जा रहा है। यात्रियों का कहना है कि समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण वाहन अनुपयोगी बन गए हैं।
उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि खराब पड़े वाहनों की जल्द मरम्मत कर उन्हें दोबारा स्थानीय रूटों पर चलाया जाए, ताकि लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
कोट
फिलहाल एक ही गाड़ी का संचालन किया जा रहा है। खराब पड़ी गाड़ियों की जल्द मरम्मत करवा दी जाएगी।
-राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो