हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम की माली हालत निगम की बसें बयां कर रही हैं। सुपर फास्ट सेवाएं देने वाली एचआरटीसी की कुछ बसों के शीशे ही नहीं तो कुछ के खुलते और बंद नहीं होते हैं। परिवहन निगम की लंबे रूट की बसों में यात्रियों को इन्हीं मुश्किलों के साथ सफर करना पड़ रहा है। परिवहन निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कुछ बसों के शीशे टूटे हैं। न हवा रुकती है और न बारिश का पानी। सोमवार सुबह 5:20 बजे हमीरपुर से चंडीगढ़ के लिए ऊना डिपो की बस की हालत भी ऐसी ही दिखी। ऊना डिपो के लाभ में चल रहे इस रूट की बस के टूटे शीशे पूरे सफर में सवारियों को ठंडी हवा देते रहे। इतना ही नहीं बस का फ्रंट शीशे में दरारें दिखी। यात्रियों को सर्दी के मौसम में ठिठुरने को मजबूर होना पड़ा।
बस में सवार यात्रियों ने इस लापरवाही की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की है। हमीरपुर से शिकायतकर्ता सुनील कौंडल ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को चंडीगढ़ भेजना था। रविवार शाम को उन्होंने ऑनलाइन टिकट बुक करवाई जिसका सीट नंबर 35 था। सोमवार सुबह 5:20 बजे हमीरपुर से चंडीगढ़ के लिए ऊना डिपो की बस में बेटे को सीट नंबर 35 पर बैठाया तो पता चला कि खिड़की का शीशा टूटा है। बस चालक भी इस बारे संतोषजनक जवाब न दे पाया। इस बारे में एचआरटीसी ऊना डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक जगरनाथ ने कहा कि शिकायत मिली है। चंडीगढ़ से वापसी पर बस को बदल दिया गया है। जांच की जाएगी कि बस को सही हालत में क्यों नहीं भेजा गया था।