संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। एचआरटीसी के परिचालक काले बिल्ले लगाकर बसों में सेवाएं देंगे। पे-स्केल में की गई कटौती के विरोध में परिचालकों ने काले बिल्ले लगाकर अपनी सेवाएं देने का फैसला किया है।
बुधवार के दिन हमीरपुर बस अड्डा पर निगम परिचालकों ने काले बिल्ले लगाकर गेट मीटिंग करने के साथ ही प्रदर्शन भी किया। इस दौरान परिचालकों ने प्रदेश सरकार द्वारा पे-स्केल कम करने के निर्णय का पुरजोर विरोध जताया।
सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि इस विसंगति को दूर नहीं किया तो परिचालक हड़ताल का रुख भी अपना सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो फिर निगम की व्यवस्थाएं चरमाराएंगी। अभी तक फिलहाल शांतिपूर्वक ढंग से अपनी बात रखी जा रही है।
परिचालकों ने कहा कि इस बारे में 27 जून को शिमला में प्रबंधन वर्ग से मीटिंग की गई है। यदि इस फैसले को वापस नहीं लिया गया तो फिर इन्हें मजबूरन हड़ताल का रास्ता भी अपनाना पड़ सकता है। परिचालकों ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशानुसार आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस अवसर पर परिचालकों में विनय कुमार, विरेंद्र कुमार, सूरज कुमार, बलराम, प्रकाश चंद तथा जसवीर सहित अन्य शामिल रहे।