हमीरपुर। सरकारी बसों के बार-बार बीच रास्ते में खराब होने से यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को निगम की दो बसें अलग-अलग स्थानों पर तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गईं, जिससे यात्रियों को काफी देर तक असुविधा का सामना करना पड़ा।
सुबह 10 बजे हमीरपुर बस अड्डे से सुजानपुर के लिए रवाना हुई निगम की बस भलेठ के पास अचानक खराब हो गई। वहीं, सुबह 10:40 बजे हमीरपुर से अमृतसर के लिए निकली बस नादौन में तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गई।
दोनों मामलों में निगम प्रबंधन ने यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अन्य बसों की व्यवस्था की। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि निगम की बसें आए दिन बीच रास्ते में खराब हो रही हैं। उनका आरोप है कि बसों की मरम्मत के नाम पर केवल औपचारिकताएं की जा रही हैं, जिसका नतीजा लगातार सामने आ रही खराबियों के रूप में दिख रहा है।
उन्होंने निगम प्रबंधन से बसों की नियमित और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोट
बसों के खराब होने की सूचना मिली थी। यात्रियों को अन्य बसों की सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है।
-राहुल शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो