हमीरपुर। जिले में बारिश के बीच चले अंधड़ ने बिजली सेवाओं को प्रभावित किया है। इस दौरान सात बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और कई स्थानों पर तार टूट गए, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
अंधड़ के कारण बिजली बोर्ड को करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि बोर्ड कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मरम्मत कार्य कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।
मंगलवार सुबह नादौन, सुजानपुर, हमीरपुर सहित जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। इस दौरान हमीरपुर, बड़सर और डिडवीं क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
डिडवीं क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद मौसम सामान्य होने पर धूप खिली, जिससे गर्मी और उमस भी बढ़ गई।
कोट
क्षतिग्रस्त खंभों और तारों की मरम्मत कर प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है। अब तक छह लाख रुपये के नुकसान का आकलन है।
-गौरव शर्मा, कार्यवाहक एसई, बिजली बोर्ड हमीरपुर