गलोड़ (हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) डिपो हमीरपुर की घोड़ीधबीरी बाया नाल्टी गलोड़ जाने के लिए निकली बस सुबह 10 बजे के करीब लहड़ा नुखैल के पास खराब हो गई। इससे यात्रियों को बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद भी निगम ने मौके पर दूसरी बस नहीं भेजी। इससे यात्रियों को अन्य विकल्पों का सहारा लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
गलोड़ से गाहलियां दांडरू की ओर जाने वाली यह बस एकमात्र ऐसी सेवा है जो यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाती है। गाहलियां-दांडरू-मैहरे सड़क पर बस की सुविधा सीमित है। लोग गलोड़ से 10ः30 बजे निकलने पर बस पर ही आवाजाही के लिए निर्भर रहते हैं।
सवारियों मीना, रीता, कमला, रोशन, राकेश, देश राज, और अश्वनी कुमार ने बताया कि एचआरटीसी की बसें अक्सर रास्ते में खराब हो जाती हैं, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम हमीरपुर राजकुमार पाठक ने कहा कि बस में इलेक्ट्रिकल समस्या आ गई थी। मैकेनिक को बस की मरम्मत के लिए भेजा जा रहा है और इसे ठीक करके शाम को दोबारा गलोड़ से हमीरपुर रूट पर भेजा जाएगा।