हमीरपुर। सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने हमीरपुर के स्कूलों में जागरूकता अभियान शुरू किया है।
बुधवार को हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकासनगर, न्यू गुरुकुल स्कूल गोपालनगर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मटाहणी में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, सर्विकल कैंसर के जोखिम और टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. सुप्रिया, स्वास्थ्य कर्मी सुशीला कुमारी और निशा राणा ने 14-15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्विकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है और सही आयु में टीकाकरण करवाना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और शिक्षकों की शंकाओं का समाधान भी किया गया तथा अभिभावकों से अपनी बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण करवाने की अपील की गई। संवाद