हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश कृषि उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) के नए भवन निर्माण का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। लंबे समय से भूमि की तलाश में अटकी यह परियोजना अब आगे बढ़ने की स्थिति में पहुंच गई है।
निगम प्रबंधन ने नए भवन के निर्माण के लिए हमीरपुर के लहड़ा क्षेत्र में करीब 22 मरले भूमि का चयन कर लिया है। यह भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के नाम पर दर्ज है, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने एचपीएमसी को भवन निर्माण के लिए सहमति प्रदान कर दी है।
इसके बाद निगम ने परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में आवश्यक औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। अब इस परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर निर्माण की रूपरेखा और अनुमानित लागत तय होगी।
उल्लेखनीय है कि एचपीएमसी के नए भवन को लेकर पिछले लगभग दो वर्षों से भूमि की तलाश जारी थी, लेकिन उपयुक्त जमीन उपलब्ध न होने के कारण योजना अटकी हुई थी। अब भूमि चयन के बाद परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में एचपीएमसी का कार्यालय दोसड़का क्षेत्र में संचालित हो रहा है, जहां जगह की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। लहड़ा में नया भवन बनने के बाद एचपीएमसी की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
इससे किसानों और बागवानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जबकि दोसड़का क्षेत्र में यातायात दबाव भी कम होगा। डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण जल्द शुरू होने की संभावना है, जिससे वर्षों से लंबित यह परियोजना धरातल पर उतर सकेगी।
कोट :
एचपीएमसी के भवन को लेकर एनएचएआई ने सहमति प्रदान कर दी है। अब इसकी आगामी कवायद शुरू की जाएगी। जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार की जाएगी, ताकि भवन का निर्माण शीघ्र शुरू किया जा सके।
-गोपाल, सचिव एचपीएमसी, हमीरपुर