दो माह से नहीं मिल पाया वेतन, 4 से 5 पंचायतों का होता है कार्यभार
अप्रैल में ही दे दिया जाएगा वेतन : हिमांशी
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगू (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर में ग्रामीण विकास विभाग के तहत कार्यरत तकनीकी सहायकों को पिछले दो माह से वेतन की अदायगी नहीं हो पाई है। तकनीकी सहायक संघ नादौन के प्रधान गरीब दास ने कहा कि इससे उन्हें परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी सहायक जिला परिषद के अंतर्गत आते हैं लेकिन विभाग की दोगली नीतियों के कारण कुछ कर्मचारियों को ग्रांट इन एड जबकि कुछ को मनरेगा मद से वेतन की अदायगी की जा रही है। बाकी कर्मचारियों को हर माह की एक-दो तारीख को वेतन मिल जाता है, लेकिन इन कर्मचारियों को वेतन के लिए कई बार कई माह इंतजार करना पड़ता है। सभी कर्मचारियों के पास 4 से 5 ग्राम पंचायतों का कार्यभार है। वर्ष 2008 से पहले लगे तकनीकी सहायकों को ग्रांट इन एड और उसके बाद लगे तकनीकी सहायकों को मनरेगा मद से वेतन की अदायगी की जाती है। अभी तक निदेशालय में भी वेतन देने के लिए राशि प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में प्रदेशभर में कार्यरत तकनीकी सहायकों को वेतन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
कोट्स
बीडीओ नादौन निशांत शर्मा ने कहा कि जिन कर्मचारियों को मनरेगा के तहत वेतन प्राप्त होता है, उनके लिए अभी राशि प्राप्त नहीं हुई है। राशि प्राप्त होते ही वेतन की अदायगी कर दी जाएगी।
बीडीओ हमीरपुर हिमांशी शर्मा ने कहा कि विकास खंड हमीरपुर में तकनीकी सहायक को मनरेगा मद से दी जाने वाली सैलरी निदेशालय से प्राप्त निर्देशों अनुसार अप्रैल में रिलीज कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला परिषद के तकनीकी सहायकों को मार्च 2024 में प्राप्त दिशा निर्देशों अनुसार छठे वित्तायोग के अनुसार ही नई सैलरी दी जा रही है।