बाढ़ प्रभावितों को सम्मानित करते विधायक राजेंद्र राणा।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के खैरी स्थित ब्यास नदी में आई बाढ़ में फंसे 8 लोगों को बचाने वाले स्थानीय जांबाजों को सर्व कल्याणकारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सुजानपुर के कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया है। राजेंद्र राणा ने कहा कि नदी की बाढ़ की भीषणता का पीढ़ी दर पीढ़ी पारंपरिक ज्ञान रखने वाले इन जांबाजों की नैसर्गिक विधा को विकसित करने की जरूरत है।
20 अगस्त को ब्यास नदी के रौद्र रूप के आगे जब एनआरडीएफ की टीमों के हौसले पस्त हो रहे थे और नदी के किनारे ग्राम पंचायत खैरी के बल्ला नामक स्थान पर आठ लोग अपनी जान की उम्मीद छोड़ चुके थे। ऐसे में पारंपरिक रूप से नदी की भीषणता व विकरालता का ज्ञान रखने वाले जांबाज युवकों ने नदी में कूद कर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बचाया है। सर्व-कल्याणकारी संस्था इन जांबाजों के साहस को सलाम करती है एवं सरकार से मांग करती है कि आपदा प्रबंधन में प्राचीन पारंपरिक ज्ञान रखने वाली विधाओं को विकसित करने के इंतजामों की शुरुआत की जाए। इसी दौरान सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने ग्राम पंचायत डेरा के चकलाह में बनने वाले महिला मंडल भवन के लिए पांच लाख देने की घोषणा भी की है।
इन जांबाजों को किया सम्मानित
खैरी के पवन कुमार, रवि कुमार, मुकेश कुमार, बिक्रम राणा, अरुण कुमार, लोकेश कुमार, गोल्डी कुमार, महिंद्र सिंह के साथ थाती लोइयां के जगदीश चंद व आलमपुर के संदीप कुमार, अविनाश, विजय कुमार, सुनील कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।