सुजानपुर(हमीरपुर)। व्यापार मंडल सुजानपुर का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर विधायक कैप्टन रणजीत सिंह से मिला। मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता की अगुवाई में व्यापारियों ने शहर के विभिन्न विकासात्मक कार्यों को लेकर चर्चा की।
इस मौके पर सुजानपुर होली मेले की अवधि दो माह की बजाय 20 दिन करके चौगान को खाली करवाने, होली उत्सव में होने वाले दो करोड़ रुपये के राजस्व की बचत एवं शहर के विकास में खर्च करने, शहर में विकास कार्यों की बैठक में व्यापार मंडल के सदस्य को शामिल किए जाने, विश्राम गृह के साथ निर्माणाधीन संपर्क रास्ते को चौड़ा कर दोपहिया वाहनों योग्य बनाने और प्रवासी लोगों को थाने में नियमित पंजीकरण करने की मांग उठाई, जिससे सुजानपुर शहर में विकास कार्य नियमित तौर पर किए जा सके।
मांगों में उन्होंने पुराने बस अड्डा में नियमित बसों के संचालन को लेकर सरकार की ओर से अधिसूचना जारी करवाने का अनुरोध किया, ताकि नए बस अड्डा में शिफ्ट होने से बाजार में कारोबार प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्य में व्यापार मंडल लगातार प्रशासन के साथ सहयोग कर रहा है, ताकि स्थानीय व्यापारियों का कारोबार प्रभावित न हो।
इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रवक्ता अमृता आजाद, सोशल मीडिया प्रभारी, सौरभ गुप्ता, व्यापारी संजय चौधरी, विपुल महाजन और मनीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।