ऊना-मंडी सुपर हाईवे पर जाहू के गांव कांगू घटी में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। यहां बसों को न रोके जाने के कारण ग्रामीणों ने रोष जताया। करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।
मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब से सुपर हाईवे बनाया गया है तब से बसों को यहां नहीं रोका जाता। इससे गांववासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तीन साल से ऑपरेटर कर रहे मनमानी
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन साल से बस ऑपरेटर मनमानी कर रहे हैं। यहां बसें न रुकने से लोगों को अन्यत्र जाना पड़ता है। वहां से बसें लेने को मजबूर हैं। इससे उन्हें परेशानी होती है।
मौके पर पहुंची पुलिस
जाम खुलवाने और लोगों को शांत करवाने के लिए पुलिस को बीच में आना पड़ा। पुलिस ने मामले को शांत करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन लोगों का गुस्सा नहीं थमा। पुलिस ने समस्या का स्थायी हल निकलवाने का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।
नहीं रुकी बसें तो फिर करेंगे चक्का जाम
महिला मंडल सदस्यों सुनीता देवी, कमलेश कुमारी, सुरेशां देवी, रतन चंद, सुनील कुमार, अजय कुमार, प्रताप चंद, राकेश कुमार, सतीश कुमार, कुलदीप कुमार, संत राम, मनोहर लाल, मुंशी राम ने बताया कि समस्या बारे उपायुक्त, आरटीओ, एसडीएम को अवगत करवाया है। यदि इसके बाद बस ऑपरेटरों ने अपनी मनमर्जी की तो दोबारा से चक्का जाम किया जाएगा।
....
कांगू की घटी में बस ठहराव नहीं है। लोग रेन शेल्टर के पास ही बस रोके जाने की मांग कर रहे थे। उन्हें समझाकर सड़क को खुलवाया गया।
-मुकेश कुमार, एसएचओ भोरंज