संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। दिवाली पर आग की घटनाओं की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर सहित जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां, टीके, प्राथमिक उपचार की सामग्री उपलब्ध है।
सभी संस्थानों में 24 घंटे सेवाएं संचालित रहेंगी। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर, सिविल अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अतिरिक्त बेड आरक्षित किए हैं। मेडिकल कॉलेज में करीब दस बेड आरक्षित किए हैं। मेडिकल कॉलेज में बर्न वार्ड भी तैयारी किए गए हैं।
पांच सिविल अस्पतालों के साथ-साथ दो सीएचसी में दस-दस बेड आरक्षित हैं। हर अस्पताल में दो से तीन चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। स्टाफ और चिकित्सकों को भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अगर कोई मरीज आता है, तो उसे किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर परिसर में पटाखे फोड़ने पर रोक लगाई है। चिकित्सा अधीक्षक की ओर इसे बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परिसर में केवल रंगोली बनाकर दिवाली मनाई जा सकती है। मेडिकल कॉलेज में अभी करीब 234 मरीज उपचाराधीन हैं। इन मरीजों की सुरक्षा को भी ध्यान में रखा गया है।
इन बातों का रखें ध्यान
- पटाखे जलाते समय ढीले या सिंथेटिक कपड़े न पहनें, सूती कपड़ों का प्रयोग करें।
- आसपास ज्वलनशील पदार्थ न रखें, पानी से भरी बाल्टी पास में रखें।
- आतिशबाजी से आंख में जलन होने पर ठंडे पानी से धोएं और तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।
- घायल और हल्के जले हिस्से पर राख मिट्टी या पाउडर, ग्रीस तथा अन्य पदार्थों को न लगाएं।
- अधजले या न जले पटाखे को पुन: जलाने, उठाने, हटाने का प्रयास बिल्कुल न करें।
- छोटे बच्चों को अकेले पटाखे न छुड़ाने दें, उनके संग अभिभावक जरूर रहें।
- अधिक तेज आवाज के पटाखे न छुड़ाएं, इससे सुनने की शक्ति कम हो सकती है।
बॉक्स
हमीरपुर में मुख्य नियंत्रण कक्ष स्थापित
अग्निशमन विभाग ने दिवाली के मद्देनजर हमीरपुर में मुख्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो कि 24 घंटे सक्रिय रहेगा। आग की घटना की सूचना 101 नंबर के अलावा मुख्य घटना नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 01972-222533 और 82196-54902 पर भी दी जा सकती है। इसके अलावा अग्निशमन उपकेंद्र नादौन के नंबर 01972-232101, 98050-54582, अग्निशमन उपकेंद्र भोरंज के 01972-266101, 97367-44342, अग्निशमन चौकी सुजानपुर के 01972-272833, 82195-08595 और अग्निशमन चौकी बिझड़ी के नंबर 01972-283101, 82193-79964 पर भी संपर्क किया जा सकता है। मेडिकल कॉलेज में 01972-222222 पर संपर्क किया जा सकता है।
कोट
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई है। आवश्यक चीजें उपलब्ध करवा दी गई हैं। मेडिकल कॉलेज परिसर में पटाखे फोड़ने पर रोक लगाई गई है। केवल रंगोली बनाई जा सकती है।
-डॉ. देसराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर
दिवाली के मद्देनजर सीएच और सीएचसी में दस-दस बेड आरक्षित रखे हैं। चिकित्सकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
-डॉ. प्रवीण चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।