भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी डायरिया से ग्रस्त इलाके का दौरा करने के दौरान पेयजल टैंकों का निरीक?
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। जहां एक ओर संपूर्ण विश्व कोरोना की समस्या से जूझ रहा है, वहीं भोरंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाली लुद्दर पंचायत में डायरिया का कहर तीसरे दिन भी जारी है। इस पंचायत से सैकड़ों लोग डायरिया की चपेट में आ गए हैं। भोरंज से विधायक कमलेश कुमारी ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और इस समय हर जगह सावधानी बरतने के आदेश जारी किए।
उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र के टैंकों का निरीक्षण करे और पानी की जांच भी की जाए। डायरिया के मरीज अधिक बढ़ने के कारण उन्होंने बीएमओ भोरंज ललित कालिया को निर्देश दिए कि वह गांव में जाकर ही मरीजों की जांच करें और उन्हें वहीं पर प्राथमिक उपचार दिया जाए। इस दौरान लुद्दर में स्वयं बीएमओ डॉ. ललित कालिया और लझियानी में डॉ. पृथ्वीपाल पाल ने मरीजों का स्वास्थ्य जांचा। इस अवसर पर स्वयं विधायक कमलेश कुमारी भी वहां पर मौजूद रही। उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि पानी के सारे टैंक साफ करवा दिए गए हैं और सभी से निवेदन है कि अपने घरों की टंकियां साफ कर लें और पानी उबालकर ही पीएं। लुद्दर पंचायत के प्रधान सुरेंद्र कुमार ने विधायक की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और लोगों को घर द्वार सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग ओम प्रकाश भारद्वाज, एसडीओ अजय वर्मा सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।