बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के सामुुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब लोगों को 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इससे पूर्व लोगों का केंद्र में सुबह 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक ही इलाज हो पाता था। 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने सेे ढटवाल क्षेत्र की दो दर्जन से अधिक पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे। ढटवाल क्षेत्र के लोग पिछले लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने के लिए जूझ रहे थे। पीएचसी से सीएचसी का दर्जा बढ़ने की अधिसूचना डेढ़ वर्ष पहले जारी हुई थी, लेकिन लोगों को इसमें सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही थीं। जबकि सीएचसी में नियमों के अंतर्गत 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को मिलनी चाहिए।
सीएचसी बिझड़ी में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट के अधिकतर पद भरे जा चुके थे, लेकिन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद न भरने के कारण रात्रिकालीन चिकित्सा सुविधाएं शुरू नहीं की जा सकी। इसके बाद ग्राम सुधार सभा पध्यान के अध्यक्ष विजय कुमार की ओर से लिखित में स्वास्थ्य विभाग को समस्या के बारे में सूचित किया गया। इसके बाद विभाग हरकत में आया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर ने बिझड़ी सीएचसी को 24 घंटे खुला रखने की अधिसूचना जारी की है। इससे अब ढटवाल की लगभग 25 पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे। इस संबंध में बीएमओ बड़सर डॉ. एचआर कालिया ने कहा कि सीएमओ हमीरपुर की ओर से अधिसूचना के बाद बिझड़ी सीएचसी 24 घंटे खुला रहेगा।