Health department should pay more attention to contact of infected person: DC
हमीरपुर। उपायुक्त देवश्वेता बनिक की अध्यक्षता में कोविड-19 संक्रमण को नियंत्रित करने के दृष्टिगत जिले में किए जा रहे उपायों की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया। उपायुक्त ने कहा कि पिछले कुछ समय से जिले में कोविड-19 संक्रमित मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में इसके प्रसार को नियंत्रित करने के लिए और भी ठोस कदम उठाए जाने आवश्यक हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वे संक्रमित व्यक्ति के संपर्क ढूंढने (कांटेक्ट ट्रेसिंग) पर अधिक ध्यान देते हुए संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की पहचान निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें और निगरानी तंत्र को भी सुदृढ़ करें।
उन्होंने सैंपलिंग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कहा कि विशेष तौर पर बाहरी राज्यों में समूह के तौर पर तीर्थ यात्री या अन्य कारणों से गए लोगों के लौटने पर उनकी तुरंत सैंपलिंग सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही विभिन्न समारोहों, धार्मिक व अन्य आयोजनों के बाद भी समूह के तौर पर लोगों के एहतियातन रैंडम सैंपल लिए जाएं।
उन्होंने परिवहन विभाग को भी निर्देश दिए कि बसों और अन्य परिवहन वाहनों को अनुमति देने से पूर्व उन्हें सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं के बारे में अवगत करवाएं और साथ ही ऐसी यात्राओं की जानकारी जिला प्रशासन के साथ भी साझा करें। आगामी दिनों में शादियों के आयोजन व नवरात्र इत्यादि को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरती जानी चाहिए। ऐसे आयोजनों के दौरान कोविड-19 से संबंधित सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी उपमंडल अधिकारी पंचायत स्तर पर निगरानी समितियों को सक्रिय करें।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मंदिरों इत्यादि में दर्शन के लिए बाहरी राज्यों व अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की ओर से कोविड-9 मानक संचालन प्रक्रिया का अनुपालन सुनिश्चित करवाने के लिए निगरानी तंत्र विकसित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से कोविड-19 टीकाकरण को और तीव्र गति देने का भी आग्रह किया।