सुजानपुर(हमीरपुर)। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल सुजानपुर में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया। इस स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मेले का निरीक्षण किया और लोगों से भी बातचीत की।
उन्होंने विभाग, केंद्र और प्रदेश सरकार की निशुल्क सुविधाओं बारे भी जानकारी ली। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 551 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि रोग को छिपाना सबसे बड़ी बीमारी है। केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार स्वास्थ्य शिविरों, स्वास्थ्य मेलों का आयोजन करके निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवा रही है। बेहतरीन डॉक्टरों की टीम यहां पर उपलब्ध करवाई जा रही है। ताकि प्रदेश की जनता को निशुल्क स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि 18 अप्रैल को सुजानपुर में स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ। इसके बाद 19 को भोरंज में, 20 को टौणीदेवी में, 21 को नादौन, 22 को गलोड़ और बड़सर में मेले का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में मेडिसन, सर्जरी, हड्डी रोग विशेषज्ञ, आंख, कान, नाक के विशेषज्ञ, बच्चों के डॉक्टर, स्त्री रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और सभी प्रकार के टेस्ट और दवाइयां मुफ्त में उपलब्ध होंगी।
खंड स्वास्थ्य अधिकारी रमेश डोगरा ने बताया कि सुजानपुर अस्पताल में आयोजित स्वास्थ्य मेले में 551 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस मेले में महिलाओं के ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए एक विशेष वैन भी उपलब्ध रहेगी। यही वैन 19 को भोरंज में भी उपलब्ध रहेगी।