खतरवाड़ स्कूल के निरीक्षण के दौरान प्रारंभिक उपनिदेशक बच्चों और स्टाफ के साथ।
- फोटो : Hamirpur-HP
जाहू (हमीरपुर)। राजकीय प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल खतरवाड़ का शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक बीके नड्डा ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को स्कूल की कमियों को दूर करने और गुणात्मक शिक्षा देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा कक्ष में जाकर बच्चों में लर्निंग ऑउटकम का अवलोकन करके कड़ी मेहनत करने की नसीहत दी। कहा कि सरकारी स्कूलों में अधिकतर गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे में शिक्षकों को अच्छा अध्यापन कार्य करके अपनी पहचान बनानी होगी। बच्चों को गुणात्मक शिक्षा देना शिक्षक वर्ग का कार्य है।
इसके लिए स्कूली बच्चों और अभिभावकों को भी सहयोग करना होगा। उन्होंने स्कूली बच्चों से आह्वान किया कि रट्टा सिस्टम को छोड़ कर लर्निंग क्षमता को बढ़ाएं। 24 घंटे में कम से कम छह घंटे हर रोज पढ़ें और कड़ी मेहनत करके लक्ष्य को हासिल करें। इस बार आठवीं कक्षा की बोर्ड की परीक्षा हो रही है। इससे बच्चे अभी से ही कड़ी मेहनत करें तथा नकल की प्रवृत्ति से दूर रहें। उन्होंने बच्चों की साफ वर्दी तथा कक्षा-कक्ष को साफ-सुथरा रखने की भी सराहना की। इस दौरान स्कूल परिसर में हुए भूस्खलन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्याध्यापक पवन शर्मा, टीजीटी पवन रांगड़ा, राकेश कुमार शास्त्री, सुनीता देवी कला अध्यापक भी उपस्थित रहे।