हमीरपुर। ऑनलाइन शॉपिंग में आए दिन लोग ठगी के शिकार हो रहे हैं। अब मंगलवार को हमीरपुर का एक और युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। बीते सप्ताह हमीरपुर के एक युवक ने पंद्रह हजार रुपये का भुगतान कर मोबाइल फोन मंगवाया था, लेकिन घर पर जब डिब्बा खोला तो उसमें प्याज निकले।
ताजा मामले में हमीरपुर के वार्ड नंबर छह निवासी रोहित ठाकुर ने ऑनलाइन शॉपिंग कर आठ सौ रुपये में तीन फुल बाजू कमीजें मंगवाई थीं। रोहित ने यह ऑर्डर छह जून को दिया था, लेकिन मंगलवार को जब एक कुरियर कंपनी ने उसे पार्सल दिया तो उसमें दो कमीजें निकली और वह भी फटी व पुरानी थीं। दोनों कमीजें काफी पुरानी और कॉलर फटे हुए थे। एक कमीज फुल बाजू और दूसरी आधी बाजू थी। जबकि ऑर्डर और पेमेंट तीन कमीजों की दी हुई थी।
रोहित कुमार ने कुरियर कंपनी के डिलीवरी करने वाले कर्मी से बात की तो उसने बताया कि उनका काम केवल माल पहुंचाना है। जहां से आपने ऑनलाइन शॉपिंग की है, माल की शिकायत के बारे में उनसे संपर्क करें। उधर, रोहित ठाकुर ने कहा कि वह इस बारे में पुलिस और कंज्यूमर फोरम में शिकायत करेंगे।
उधर, व्यापार मंडल हमीरपुर के प्रधान एवं पूर्व पार्षद अनिल सोनी ने जिले की समस्त जनता से अपील की है कि वह ऑनलाइन के चक्कर में न पड़ें। जहां तक हो सके स्थानीय स्तर पर खरीदारी करें, ताकि सामान की गारंटी-वारंटी और छोटे-बड़े साइज की आसानी से अदला-बदली की जा सके। उन्होंने कहा कि आए दिन लोग ऑनलाइन शॉपिंग के कारण ठगी के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी इस तरह के मामलों में उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोग ठगी के शिकार होने से बच सकें।