भोरंज (हमीरपुर)। सुबह के समय शिमला के लिए एचआरटीसी बस सेवा न होने से बस्सी क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह बस पहले हमीरपुर से वाया पट्टा, बस्सी और भोरंज होकर सुबह करीब पांच बजे शिमला जाती थी, जिसे कोरोना काल में बंद कर दिया गया था। हालात सामान्य होने के बावजूद अब तक यह सेवा बहाल नहीं की गई है।
इससे करीब 15 पंचायतों के लोग प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें शिमला जाने के लिए पहले पट्टा तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से बस सेवा जल्द शुरू करने की मांग की है। वहीं, क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने कहा कि कोरोना के बाद आय कम होने के कारण बस सेवा बंद की गई थी, लेकिन मांग मिलने पर इसे फिर शुरू किया जा सकता है। संवाद