लदरौर (हमीरपुर)। हमीरपुर बस अड्डे से मंडी के लिए वाया लंबलू और भरेड़ी संचालित होने वाली एचआरटीसी की बस सेवा बंद होने से दैनिक यात्रियों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों ने निगम प्रबंधन से बस सेवा को जल्द बहाल करने की मांग की है। स्थानीय लोगों में अमित, सुनील, विशाल और दीपक ने बताया कि यह बस प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे हमीरपुर बस अड्डे से रवाना होती थी और शाम 3:00 बजे जाहू से मंडी के लिए आगे बढ़ती थी।
लंबलू, भरेड़ी सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सबसे सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का साधन थी। बस सेवा बंद होने के बाद लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई बार बसें बदलनी पड़ रही हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में निजी परिवहन के सीमित विकल्प होने के कारण लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रूट लंबे समय से बड़ी संख्या में यात्रियों की जरूरतों को पूरा करता रहा है, इसलिए इसे शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए।यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से जनहित को देखते हुए हमीरपुर-मंडी वाया लंबलू, भरेड़ी बस सेवा को तत्काल प्रभाव से पुनः शुरू करने की मांग की है।
वहीं, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर के डीएम राजकुमार पाठक ने बताया कि इस समस्या का जल्द समाधान कर बस सेवा बहाल कर दी जाएगी।