हमीरपुर। हमीरपुर में जल शक्ति विभाग के तहत पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण निदेशालय, सैनिक कल्याण विभाग और सटे कार्यालयों के कर्मचारियों को एक सप्ताह से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों को पानी का जुगाड़ करने के लिए एचआरटीसी कार्यालय या नजदीकी मंदिर की ओर दौड़ लगानी पड़ रही है। सैनिक कल्याण विभाग, हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम और सैनिक कल्याण विभाग के विश्राम गृह में प्रतिदिन हजारों लोग अपने काम के लिए आते हैं, लेकिन पानी न मिलने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है।
लगभग 50 कर्मचारी इन तीनों कार्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और केवल आधे घंटे के लिए पानी की आपूर्ति होने से कामकाज सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा।
कर्मचारियों ने जल शक्ति विभाग से जल्द पानी की समस्या का समाधान करने की मांग की है।
कोट :
निदेशालय सैनिक कल्याण विभाग हमीरपुर में पानी की समस्या के बारे में जानकारी मिली है। पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा, ताकि दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
-राकेश गर्ग, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग, हमीरपुर