फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: ड्रोन फंडिंग का दावा निकला फर्जी, जोधपुर भी नहीं गया था छात्र सर्वेश शर्मा; जांच में बड़े खुलासे

Sun, 15 Nov 2026 10:18 AM IST
Ankesh Dogra संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)

सार

हिमाचल के हमीरपुर में ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की फंडिंग का दावा जांच में फर्जी निकला है। आईआईटी जोधपुर ने भी ईमेल के जरिए पुष्टि की है कि सर्वेश शर्मा ने उसके आयोजन में हिस्सा नहीं लिया था। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
सर्वेश शर्मा - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की फंडिंग और आईआईटी जोधपुर के आयोजन में भागीदारी का दावा करने वाले सर्वेश शर्मा को लेकर जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट में सामने आया है कि सर्वेश शर्मा ने आईआईटी जोधपुर के आयोजन में हिस्सा ही नहीं लिया था। आईआईटी  जोधपुर ने ईमेल के माध्यम से इसकी पुष्टि की है। वहीं, 39 पन्नों के कथित अनुबंध पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बड़ू के प्राचार्य के हस्ताक्षर होने की भी पुष्टि नहीं हुई है। अमर उजाला ने तीन नवंबर के संस्करण में संवाद न्यूज एजेंसी की खबर के आधार पर इस मामले में पहले ही खुलासा किया था।

विज्ञापन
Trending Videos

236 पन्नों की जांच रिपोर्ट सौंपी
तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने अपनी 236 पन्नों की रिपोर्ट और डिजिटल फुटप्रिंट से संबंधित रिपोर्ट तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को सौंप दी है। जांच में सामने आया है कि कथित अनुबंध पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बड़ू के प्राचार्य के हस्ताक्षर नहीं हैं। इसके बजाय अनुबंध पर डिफेंस इनोवेशन ऑर्गेनाइजेशन (डीआईओ) के पोर्टल पर दर्शाए गए सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के हस्ताक्षर पाए गए हैं। इन हस्ताक्षरों की सत्यता की पुष्टि के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग ने डीआईओ से पत्राचार किया है। गौरतलब है कि डीआईओ पहले ही ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर फंडिंग और इससे जुड़े दावों को खारिज कर चुका है।

ईमेल और दस्तावेजों की भी हुई जांच
जांच कमेटी ने सर्वेश शर्मा की ओर से कॉलेज प्रबंधन को उपलब्ध करवाए गए ईमेल के स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल की। जांच के दौरान इन दस्तावेजों में ब्राउजर और ईमेल एड्रेस से संबंधित जरूरी विवरण नहीं मिला। सितंबर में ड्रोन प्रोजेक्ट के लिए करोड़ों रुपये की फंडिंग मिलने के दावे मीडिया में सामने आए थे। इसके बाद मामले की पड़ताल शुरू हुई। 15 अक्तूबर से पहले ही डीआईओ और कॉलेज प्रबंधन के बीच ईमेल के माध्यम से बातचीत शुरू हो गई थी। इस दौरान डीआईओ का सर्वेश शर्मा से भी संवाद हुआ था।

27 अक्तूबर को डीआईओ को भेजी थी शिकायत
जांच में सामने आया है कि सर्वेश शर्मा ने 27 अक्तूबर को डीआईओ को ईमेल भेजकर खुद ठगी का शिकार होने की शिकायत की थी। इसके अगले ही दिन डीआईओ ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा कर ड्रोन प्रोजेक्ट की फंडिंग से जुड़े दावों को खारिज कर दिया था। डीआईओ की इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित होने के बाद मामला और गंभीर हो गया।

बालकनी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ था सर्वेश
डीआईओ की पोस्ट के स्क्रीनशॉट कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित होने के बाद सर्वेश शर्मा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। कुछ समय बाद वह हॉस्टल की बालकनी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल वह चंडीगढ़ में उपचाराधीन है।
विज्ञापन

डीआईओ से हस्ताक्षरों की सत्यता की होगी पुष्टि
तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक रोहित राठौड़ ने बताया कि कथित अनुबंध पर संस्थान के प्राचार्य ने हस्ताक्षर नहीं किए थे, बल्कि डीआईओ की वेबसाइट पर दर्शाए गए अधिकारी के हस्ताक्षर पाए गए हैं। इनकी सत्यता की पुष्टि के लिए डीआईओ से पत्राचार किया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें