बस अड्डा हमीरपुर में उमड़ी यात्रियों की भीड़। संवाद
हमीरपुर। दिवाली के पावन पर्व को परिवार के साथ मनाने के लिए लोग घरों को लौट रहे हैं, जिससे बस अड्डाें पर लोगों की भीड़ है। रविवार और सोमवार को अवकाश होने के चलते काफी संख्या में यात्री अपने घरों को जा रहे हैं।
वहीं, लोगों की संख्या को भांपते हुए एचआरटीसी हमीरपुर डिपो की ओर से विशेष बसों का प्रबंध किया गया है। चंडीगढ़, दिल्ली और बद्दी से आने वाले यात्री विशेष बसों का फायदा ले रहे हैं। चंडीगढ़ के लिए दस, दिल्ली के लिए पांच और बद्दी के लिए एक विशेष बस लगाई गई हैं। हालांकि मांग के आधार पर बसों की संख्या को बढ़ाया भी जाएगा।
हालांकि, यात्रियों को विशेष बसों में सफर करने के लिए निर्धारित सामान्य किराये से 15 फीसदी अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं, जिसको लेकर यात्रियों में मायूसी भी है।
एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि दिवाली के लिए विशेष बसों का प्रबंध किया गया है। मांग के आधार पर दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए बसें भेजी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को भी विशेष बसों की व्यवस्था की गई है।