अभिनंदन कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यातिथि मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू को स
हमीरपुर। बस अड्डा के सामने दुकानों के आवंटन से वंचित रहे 11 खोखा धारकों की ओर से बुधवार को अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि बस अड्डा के सामने दुकानों के आवंटन से वंचित रहे 11 खोखा धारकों को जल्द ही नई दुकानें उपलब्ध करा दी जाएंगी। नई दुकानों का नक्शा तैयार कर लिया गया है और आवश्यक बजट उपलब्ध करवा दिया गया है।
राज्य सरकार ने इन खोखा धारकों के लिए धरातल पर नए खोखों के निर्माण को मंजूरी दे दी है और इसके लिए आवश्यक शुरुआती बजट जारी कर दिया गया है। साथ ही निर्माण स्थल पर आ रही ट्रांसफार्मर की समस्या का भी समाधान कर दिया गया है। इस अवसर पर शर्मा ने उस स्थान का निरीक्षण भी किया, जहां नई दुकानें बननी हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान इन खोखा धारकों के साथ अन्याय हुआ था लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। खोखा धारकों ने सुनील शर्मा बिट्टू और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का उनके समर्थन और इस पहल के लिए हार्दिक धन्यवाद किया। इस मौके पर सुमन भारती, अजय शर्मा, राजेश ठाकुर, विक्रम शर्मा, परवेश ठाकुर, राजेश आनंद और 11 खोखा धारकों के परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।