हमीरपुर। दो दिवसीय राज्यस्तरीय हमीर उत्सव 6 से 7 दिसंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के प्रांगण में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे, जबकि केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उपायुक्त एवं हमीर उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष हरिकेश मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री उपायुक्त कार्यालय परिसर पगड़ी स्थल से शिव मंदिर तक शोभा यात्रा में भाग लेंगे तथा स्थानीय शिव मंदिर में विधिवत रूप से पूजा-अर्चना करने के बाद उत्सव स्थल पर पहुंचेंगे। विभिन्न विभागों तथा गैर सरकारी संस्थाओं की ओर से लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का अवलोकन करने के बाद राज्य स्तरीय उत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम को हमीर उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का द्वीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह हमीर उत्सव स्मारिका का विमोचन भी करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह 9:45 बजे एनआईटी हेलीपैड पर पहुंचेंगे। उसके बाद वह जिले में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन तथा शिलान्यास करने के बाद मटाहणी में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
आज यह कलाकार करेंगे दर्शकों का मनोरंजन-
6 दिसंबर को हमीरपुर उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल स्टार कलाकार होंगे। जबकि 7 दिसंबर को अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दिलबाग सिंह और हास्य कलाकार राजीव मल्होत्रा स्टार कलाकार होंगे। इसके अलावा करीब 215 लोक कलाकार भी इस उत्सव में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्यातिथि होंगे।
मुख्यमंत्री इन विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे-
-राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ
झनियारा में ईवीएम भंडारण गृह (वेयरहाऊस) का शिलान्यास
सासन में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण कुटीर का लोकार्पण
हथली खड्ड के समीप आदेशक, गृह रक्षक वाहिनी के कार्यालय भवन का लोकार्पण
गसोता में 38 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल आपूर्ति योजना का शिलान्यास
राज्य विद्युत बोर्ड के लंबलू व खग्गल के लिए 33 केवी सब-स्टेशनों की आधारशिला
प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण
हमीरपुर में जिला कल्याण अधिकारी के कार्यालय भवन की आधारशिला