बोहणी में हुई भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन की प्रदेशस्तरीय बैठक
किसानों के हितों की लड़ाई मिलकर लड़ी जाएगी : गुलजार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन की प्रदेशस्तरीय बैठक रविवार को हमीरपुर के बोहणी में आयोजित की गई। इसमें सात जिलों से आए लोगों ने भाग लिया। बैठक में विशेष रूप से फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा मौजूद रहे। सात जिलों से आए लोगों में से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए जो अपने-अपने जिले में जाकर संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे। बैठक में गग्गल एयरपोर्ट का मुद्दा उठा। इस दौरान निर्णय लिया गया कि गग्गल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की जद में आने वाली 13 पंचायतों को जल्द उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। यदि जल्द मुआवजा नहीं दिया गया तो एक बड़ा आंदोलन भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन की तरफ से किया जाएगा। फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष गुलजार सिंह ने कहा कि किसानों के हितों की लड़ाई मिलकर लड़ी जाएगी। फाउंडेशन कई राज्यों में किसान हितों के लिए कार्य कर रही है। हिमाचल में इसकी शुरुआत है। फाउंडेशन के माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ मिलकर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन के साथ किसानों को जोड़ने का मतलब किसानों को मजबूत करना है।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन किसान हितों की लड़ाई लड़ती आ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को एकजुट होना पड़ेगा ताकि उनकी एकजुटता के आगे भ्रष्टाचार करने वाले टिक न सकें। भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण शर्मा ने कहा कि फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करना है। बैठक में सात जिलों के लोग पहुंचे हैं जिनमें से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गग्गल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की जद में 13 पंचायतें आती हैं। इन्हें यदि समय पर उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो फाउंडेशन आंदोलन का रुख अपनाएगी।