हमीरपुर। बिजली की खपत और बिल का बोझ कम करने के लिए जिले के लोग सौर ऊर्जा अपना रहे हैं। अब तक करीब 2800 घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जबकि बिजली बोर्ड हमीरपुर के पास करीब 3500 आवेदन पहुंच चुके हैं। शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है।
केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए निर्धारित क्षमता के अनुसार सब्सिडी दी जाती है। इससे संयंत्र लगाने की शुरुआती लागत कम करने में मदद मिलती है।
सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ते रुझान से लोगों को बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का अवसर मिल रहा है। रूफटॉप सोलर प्लांट का दायरा बढ़ने से पारंपरिक बिजली की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कोट
सौर ऊर्जा से घरों में पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम की जा सकती है। लोग योजना के प्रति रुचि दिखा रहे हैं और अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं।
-आशीष कपूर, एसई, बिजली बोर्ड हमीरपुर