सलौणी-नादौन सड़क पर बिखरी बजरी। स्रोत : जागरूक पाठक
बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर में सलौणी-नादौन सड़क के विस्तारीकरण के बीच खोड़पा से सलौणी तक मार्ग की बदहाली वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बिखरी बजरी और मिट्टी से दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है।
वहीं, भारी वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल के कारण पीछे चल रहे वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों अशोक कुमार, विपन कुमार, हंसराज, गीता देवी और राजकुमारी ने बताया कि निर्माण कार्य लंबे समय से धीमी गति से चल रहा है।
उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क को सुरक्षित बनाने और कार्य में तेजी लाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बरसात में टारिंग संभव न हो तो कम से कम सड़क पर बिखरी बजरी और मिट्टी को व्यवस्थित किया जाए, ताकि हादसों का खतरा कम हो सके।
कोट:
बरसात के मौसम में सड़क पर टारिंग नहीं की जा सकती। यदि सड़क की मौजूदा स्थिति के कारण कहीं लोगों को परेशानी हो रही है तो उसे जल्द दुरुस्त करवाने का प्रयास किया जाएगा।
-राजिंद्र सिंह जुबलानी, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग बड़सर