सुजल शर्मा धनेटा (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के तहत ग्राम पंचायत झलाण को जल्द अपना भवन मिलेगा। भवन निर्माण का कार्य समाप्ति लगभग पूरा होने को है।
इस भवन निर्माण पर करीब 46 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। भवन निर्माण होने से पंचायत को ग्राम सभा की बैठकों के साथ-साथ अन्य कार्य करने में दिक्कत नहीं होगी। पंचायत प्रतिनिधियों को भी बैठने के लिए उचित स्थान उपलब्ध हो जाएगा। भवन निर्माण कार्य 2022 से शुरू किया गया था, जो अब पूरा हो जाएगा।
पंचायत का पुराना भवन जर्जर हो चुका था। यहां पर पंचायत से संबंधित आयोजन नहीं होते थे। उसके बाद भवन को नष्ट कर दिया गया। पंचायत की ओर से बैठकों का आयोजन महिला मंडल और जंजघर में किया जा रहा है। इसके अलावा कई बार अस्थाई स्थान पर भी बैठकें आयोजित होती है। यहां पर ग्रामीणों को बैठने के लिए उचित स्थान नहीं मिल पाता।
वहीं, अब नए भवन के निर्माण से यह समस्या समाप्त हो जाएगी। नए भवन में एक बडे़ हॉल का निर्माण भी किया गया है। इसके अलावा दो शौचालय भी बनाए गए हैं। इस हाल में सार्वजनिक आयोजन पर भी विचार किया जा रहा है। पंचायत की आगामी बैठक में इस पर चर्चा की जाएगी।
कोट
पंचायत भवन लगभग तैयार हो चुका है। रंग-रोगन का कार्य शेष है। लगभग 46 लाख रुपये से इसे तैयार किया गया है। जल्द ही नए भवन में पंचायत की बैठक आयोजित की जाएंगी। -अमिता ठाकुर, प्रधान, ग्राम पंचायत झलाण
ग्राम पंचायत झलाण का भवन। संवाद